खैरागढ़. पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास के छात्र आज अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे। छात्रों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं को बदहाल बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। छात्रों ने बताया कि वे और उनके साथी लंबे समय से गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही। छात्रों का आरोप है कि जब भी वे अपनी परेशानियों को छात्रावास अधीक्षक के सामने रखते हैं, तो उन्हें केवल आश्वासन दिया जाता है जबकि जमीनी स्तर पर कोई समाधान नहीं होता। छात्रों ने बताया कि हाल ही में बोर खराब हो जाने के कारण उन्हें पूरे दिन पानी के लिए भटकना पड़ा। इसके अलावा पाइपलाइन टूटने जैसी समस्याओं और अन्य मेंटेनेंस कार्यों को भी छात्र खुद ही करने को मजबूर हैं। छात्रों का यह भी कहना है कि अधीक्षक महीने में केवल एक-दो बार ही छात्रावास आते हैं और वह भी महज 10 से 30 मिनट रुककर कागजी कार्य निपटाकर चले जाते हैं। छात्रों के अनुसार अधीक्षक न तो उनका हाल-चाल पूछते हैं और न ही समस्याओं को गंभीरता से लेते हैं। पूछने पर कलेक्टर कार्यालय में व्यस्त रहने का हवाला दे दिया जाता है। वर्तमान में छात्रावास का संचालन रसोइए और नाइट ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के भरोसे ही चल रहा है। छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि छात्रावास की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार किया जाए, नियमित निरीक्षण सुनिश्चित हो और जिम्मेदार अधिकारियों की उपस्थिति तय की जाए, ताकि छात्रों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े।
Loading...

