खैरागढ़। जिला भाजपा केसीजी की उपाध्यक्ष नीलिमा गोस्वामी ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026 के बजट का स्वागत करते हुए इसे जनहितैषी, संतुलित और विकासोन्मुखी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग सहित समाज के हर वर्ग की अपेक्षाओं को पूरा करने वाला है तथा प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नीलिमा गोस्वामी ने कहा कि बजट में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि उपकरणों को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे प्रदेश के किसानों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। उन्होंने आगे कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने कौशल विकास को बढ़ावा देने और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए भी बजट में कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल की गई हैं। शिक्षा के क्षेत्र में नए संस्थानों की स्थापना, बेहतर सुविधाओं का विस्तार और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रावधान युवाओं के भविष्य को मजबूत करेंगे। महिला सशक्तिकरण को लेकर भी बजट में सकारात्मक पहल की गई है। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, स्व-सहायता समूहों को मजबूत करने और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है। साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, नए अस्पतालों के निर्माण और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के प्रावधान से आम जनता को राहत मिलेगी। नीलिमा गोस्वामी ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास पर भी सरकार ने विशेष ध्यान दिया है जिससे प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचेगी। यह बजट सिर्फ आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य का एक मजबूत रोडमैप है।
Loading...

