खैरागढ़। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला खैरागढ़ में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और शाला को आकर्षक बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह ने की जिसमें शिक्षक एवं व्याख्याता गण शामिल हुए। यह बैठक 9 अप्रैल को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तथा 16 अप्रैल को जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. मुकुल साव द्वारा ली गई मैराथन बैठकों में तय एजेंडा के अनुरूप आयोजित की गई। बैठक में मंत्री के निर्देशानुसार 11 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्राचार्य ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाए, जिससे पालक अपने बच्चों का शत-प्रतिशत प्रवेश निजी स्कूलों के बजाय शासकीय स्कूलों में कराने के लिए प्रेरित हों। विशेष रूप से कक्षा 6वीं और 9वीं में पूर्ण नामांकन पर जोर दिया गया। बैठक में वर्ष 2026-27 के बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने, विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने, हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में दक्षता बढ़ाने, तथा हर तीन माह में पालक-बालक बैठक आयोजित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही शिक्षक-पालक के बीच बेहतर संबंध और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए वैज्ञानिक, खेल, साहित्यिक, सांस्कृतिक, क्राफ्ट, चित्रकला एवं कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रत्येक शनिवार को “गतिविधि दिवस” घोषित करते हुए विद्यार्थियों को विभिन्न हाउस में बांटकर गार्डेनिंग एवं सफाई समूह बनाने की योजना बनाई गई।शाला परिसर को आकर्षक बनाने के लिए पौधारोपण, दीवारों पर शैक्षिक चित्रांकन, स्मार्ट क्लास और AI तकनीक के उपयोग, तथा नवाचार गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। विद्यार्थियों के लिए व्यक्तिगत शैक्षणिक योजना तैयार कर उन्हें NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु प्रेरित करने तथा आईएएस, आईपीएस अधिकारियों को आमंत्रित कर कैरियर काउंसिलिंग कराने का भी निर्णय लिया गया। मंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक माह छत्तीसगढ़ के महापुरुषों की जीवनी से विद्यार्थियों को अवगत कराने और प्रतिदिन विद्यालय में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, सरस्वती वंदना, गायत्री मंत्र एवं शांति पाठ जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात भी रखी गई। बैठक में कन्या पूर्व माध्यमिक शाला की प्रधान पाठक संगीता सिंह, संकुल समन्वयक राजकुमार वर्मा सहित सभी शिक्षक-व्याख्याताओं ने बेहतर शैक्षणिक वातावरण निर्माण का संकल्प लिया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ बैठक सम्पन्न हुई।
Loading...

