खैरागढ़। केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान (10 जनवरी – 25 फरवरी 2026) के अंतर्गत खैरागढ़ क्षेत्र में जनसंपर्क और प्रदर्शन कार्यक्रम तेज हो गए हैं। 200 दिनों के रोजगार, समय पर भुगतान और मनरेगा को मजबूत बनाए रखने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने मजदूरों के बीच पहुंचकर संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल साहू और ब्लाक अध्यक्ष संदीप सिरमौर ने ग्राम दपका एवं देवारीभाट में मनरेगा मजदूरों से मुलाकात कर योजनाओं की जानकारी ली। देवारीभाट में क्षेत्र की सबसे अधिक उम्र की मनरेगा मजदूर पुनिया यादव को गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया वहीं दपका में इंदिरा बाई पटेल को भी सम्मान देकर श्रमिकों के योगदान को सराहा गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि मनरेगा मजदूरों की आजीविका का मजबूत आधार है। केंद्र सरकार की नीतियों और वीबी जी राम जी योजना (VB G-RAM-G) के कारण मनरेगा कमजोर हो रही है जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्बाद नहीं होने देगी। मजदूरों के हक और सम्मान की लड़ाई हर स्तर पर जारी रहेगी। वहीं ब्लाक अध्यक्ष संदीप सिरमौर ने कहा कि ग्रामीण मजदूरों को 200 दिनों का रोजगार और समय पर भुगतान मिलना उनका अधिकार है। कांग्रेस पार्टी गांव-गांव जाकर मजदूरों की आवाज बुलंद करेगी और मनरेगा को बचाने के लिए निरंतर संघर्ष करेगी। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मजदूरों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और योजना को मजबूत करने के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
Loading...

