खैरागढ़। जनपद पंचायत खैरागढ़ के अंतर्गत ग्राम अवेली में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इसी विवाद के दौरान मारपीट, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की घटना सामने आई है। मामले में दोनों पक्ष जालबांधा चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराए हैं, वहीं सरपंच और पंच ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अवैध कब्जा हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत अवेली के खसरा नंबर 588 की भूमि को शासकीय भूमि घोषित किया गया है। ग्राम सभा में इस भूमि का उपयोग मवेशियों के चारागाह एवं तालाब निर्माण के लिए अनुमोदित किया गया है। मनरेगा के तहत लगभग 14 लाख रुपये की लागत से कार्य भी स्वीकृत है। बताया जा रहा है कि उक्त भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। ग्राम पंचायत द्वारा कब्जाधारियों को तीन बार लिखित नोटिस दिया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद पंचायत प्रतिनिधियों, पटवारी और रोजगार सहायक की मौजूदगी में स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रारंभ करने की तैयारी की गई। इसी दौरान विवाद की स्थिति बन गई। सरपंच एवं ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पटेल महेश साहू, धनेश साहू, रामकुमार साहू और ईश्वरीय साहू सहित अन्य लोगों ने वार्ड पंच नरेन्द्र सेन के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। सरपंच श्रीमती दुर्गा बाई सेन ने आरोप लगाया कि ईश्वरीय साहू ने उनका हाथ पकड़कर अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव के दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। दोनों पक्षों ने जालबांधा चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।
वहीं, सरपंच और पंच एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर शासकीय भूमि से बेजा कब्जा हटाने, कार्य प्रारंभ कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

