खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ केसीजी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना खैरागढ़, थाना छुईखदान एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तीन अलग-अलग मामलों में कुल 55 लीटर से अधिक देशी एवं अंग्रेजी शराब, नगदी रकम तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने कुल करीब 63 हजार रुपये की संपत्ति जप्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 8 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम बैहाटोला में दबिश देकर आरोपी प्रकाश राजपूत को उसके किराना दुकान से अवैध शराब बेचते रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 137 पौवा शोले प्लेन देशी शराब, बिक्री रकम सहित करीब 12 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना खैरागढ़ में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। दूसरी कार्रवाई में ग्राम बैहाटोला निवासी चन्द्रकुमार वर्मा के घर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने उसके कब्जे से 127 पौवा देशी शराब, 24 पौवा गोवा स्पेशल व्हिस्की और नगदी रकम जब्त की। कुल जब्ती की कीमत लगभग 13 हजार 760 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। वहीं तीसरी कार्रवाई थाना छुईखदान क्षेत्र अंतर्गत आमगांव रोड स्थित पवन चंद्राकर के फार्म हाउस के सामने की गई। यहां पुलिस ने बाबूलाल जंघेल और हुकुम जंघेल को अवैध शराब परिवहन करते पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से देशी प्लेन शराब, अंग्रेजी व्हिस्की तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई। कुल जब्ती करीब 39 हजार रुपये की बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, जुआ और सट्टा जैसे सामाजिक अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


