
खैरागढ़। विकास के दावों के बीच खैरागढ़ ब्लॉक के ग्राम सर्रागोंदी की स्थिति इन दिनों बदहाल बनी हुई है। गांव की मुख्य सड़क पर पिछले कई दिनों से गंदा पानी और कीचड़ फैला हुआ है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बावजूद इसके शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की नालियां पूरी तरह जाम पड़ी हैं।जिसके कारण गंदा पानी सीधे मुख्य सड़क पर बह रहा है। करीब 20 दिनों से जलजमाव की स्थिति बनी हुई है जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को कीचड़ और बदबू के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है। गांव में फैली गंदगी और ठहरे पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है जिससे बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो नालियों की सफाई कराई गई और न ही अधूरे निर्माण कार्य पूरे किए गए। स्थानीय सरपंच के खिलाफ भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि: मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है लेकिन अब तक कोई जिम्मेदार हालात देखने नहीं पहुंचा। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में नाली और सड़क निर्माण से जुड़े कई काम अधूरे पड़े हैं, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और जल निकासी की समस्या का समाधान करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।


