खैरागढ़। कृषि क्षेत्र में सहकारिता को मजबूत करने और किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पांडुका में नवीन सेवा सहकारी समिति का भव्य शुभारंभ किया गया। इस पहल से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल है, क्योंकि अब उन्हें खाद-बीज और अन्य कृषि कार्यों के लिए दूर-दराज के केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। समिति का उद्घाटन भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष आयश सिंह बोनी ने किया। इस अवसर पर ऋषभ सिंह, संजय पारख, मुकेश वर्मा और राजेश वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बिसाहूँ वर्मा, रवि वर्मा और नकुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीणजन मौजूद रहे। मुख्य अतिथि आयश सिंह बोनी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के किसान तक सुविधाओं को पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नई सहकारी समिति पांडुका क्षेत्र में कृषि विकास को नई दिशा देगी और किसानों के लिए लाभकारी साबित होगी। नवीन समिति के गठन से क्षेत्रीय व्यवस्था में भी बदलाव आया है। इसके अंतर्गत पांडुका, सलिहा, कौड़िया, नवागांव और मुतेड़ा सहित कुल 5 गांवों को जोड़ा गया है। समिति से कुल 832 किसान लाभान्वित होंगे, जिनमें 603 पुरुष और 229 महिला किसान शामिल हैं।समिति के संचालन के लिए प्रबंधन टीम की नियुक्ति भी की गई है। प्रभारी प्रबंधक के रूप में राजू पटवा, चपरासी लोमेश साहू और चौकीदार नीलकंठ यादव ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। स्थानीय किसानों ने बताया कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए उन्हें दूर के केंद्रों तक जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे की हानि होती थी। अब पांडुका में ही समिति खुलने से बैंकिंग, ऋण सुविधा और खाद-बीज वितरण जैसी सेवाएं आसान हो जाएंगी। यह पहल क्षेत्र में सहकारिता को मजबूती देने के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Loading...

