खैरागढ़। जिले के ग्राम सर्रागोंदी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा में है। एक शिकायत के आधार पर स्कूल में कार्यरत एक महिला शिक्षिका के व्यवहार को लेकर सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि विद्यालय निरीक्षण के दौरान पहुंचे एक पत्रकार के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार हुआ।

हालांकि इन आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी। जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति और शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए गए थे जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी। शिकायतकर्ता द्वारा यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान बच्चों की भूमिका को लेकर भी कुछ बातें सामने आई हैं। फिलहाल इन सभी बिंदुओं की सत्यता की पुष्टि होना बाकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चिचोला के प्राचार्य रविंद्र कुमार चावड़ा द्वारा जारी निर्देश के अनुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला देवरी के प्राचार्य सतीश कुमार टांडेकर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। दैनिक सरस्वती संकेत के संपादक राजेन्द्र सिंह चंदेल द्वारा प्रस्तुत शिकायत के आधार पर 23 अप्रैल 2026 गुरुवार को सुबह 9 बजे शासकीय प्राथमिक शाला सर्रागोंदी परिसर में जांच की जाएगी। इस दौरान सभी संबंधित पक्षों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों के आधार पर की जाएगी। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और अब सबकी नजरें 23 अप्रैल को होने वाली जांच पर टिकी हैं।


