खैरागढ़। जिले के थाना ठेलकाडीह पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 50 पौवा देशी शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम विचारपुर बाजार चौक के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आशीष कुमार वर्मा उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम सेम्हरा थाना ठेलकाडीह बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से काले बैग में रखी 50 पौवा शोले प्लेन देशी मदिरा कुल 9 बल्क लीटर, कीमत लगभग 4000 रुपये बरामद की गई। आरोपी द्वारा शराब परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने मौके पर ही शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर ली। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे 27 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

