2 बजे होगा 20 वार्डों का आरक्षण, अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित; आरक्षण तय होते ही दावेदारों की धड़कनें बढ़ेंगी
खैरागढ़। नगर पालिका चुनाव को लेकर आज का दिन राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। नगर पालिका के 20 वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया आज दोपहर 2 बजे होने जा रही है। आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी कि किस वार्ड से कौन चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने के बाद पहले ही संभावित दावेदारों और राजनीतिक दलों में हलचल तेज है। अब वार्डों के आरक्षण का इंतजार है। आरक्षण फाइनल होते ही कई दावेदारों की उम्मीदों पर विराम लग सकता है, जबकि कुछ नए चेहरों के लिए चुनावी रास्ता खुल सकता है।आरक्षण को लेकर संभावित प्रत्याशी लगातार अपने-अपने वार्डों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। राजनीतिक दलों के भीतर भी संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन तेज हो गया है। खासकर अध्यक्ष पद के लिए सामान्य महिला सीट होने से प्रमुख राजनीतिक दलों में महिला दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।आज दोपहर 2 बजे होने वाली आरक्षण प्रक्रिया के बाद खैरागढ़ नगर पालिका की चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। इसके साथ ही लंबे समय से चुनाव की तैयारी में जुटे दावेदारों की धड़कनें भी तेज हो गई हैं।


