खैरागढ़। निर्मल त्रिवेणी महाअभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 17 स्थित दाऊचौरा मुक्तिधाम के स्मृति वन में रविवार सुबह 7:30 बजे पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह पौधारोपण स्वर्गीय कौशलेन्द्र सिंह बघेल, स्वर्गीय माधव सारथी एवं स्वर्गीय भीमा सारथी की पावन स्मृति में उनके परिजनों एवं मित्रजनों द्वारा किया जाएगा। स्मृति वन में पौधारोपण के माध्यम से दिवंगत प्रियजनों की यादों को प्रकृति के साथ जोड़ने का भावपूर्ण प्रयास किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य स्मृतियों को केवल यादों तक सीमित न रखते हुए उन्हें वृक्षों के रूप में आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवंत बनाए रखना है। आयोजकों ने बताया कि वृक्ष वर्षों तक छाया, हरियाली और प्राणवायु प्रदान करते हैं। इसी भावना के साथ स्मृति वन में लगाए जाने वाले पौधे दिवंगतजनों की स्मृतियों के प्रतीक बनकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। एक स्मृति,एक पौधा, एक संकल्प की भावना के साथ लोगों से पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की गई है। निर्मल त्रिवेणी महाअभियान के तहत यह पहल प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक स्मृतियों को संजोने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Loading...

