रघुपति राघव राजा राम’ के साथ गूंजे विरोध के स्वर, भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

खैरागढ़। शक्कर की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने अंबेडकर चौक में ‘शक्कर सत्याग्रह’ किया। आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की। सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रघुपति राघव राजा राम’ गीत गाकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। इसके बाद भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शक्कर जैसी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तु की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की रसोई और घरेलू बजट पर पड़ रहा है।
कोमल दास साहू बोले- महंगाई से जनता परेशान

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू ने कहा कि आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों पर सड़क पर उतरकर संघर्ष करती रहेगी और सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग करती रहेगी।
पूर्व विधायक भुवनेश्वर बघेल ने साधा निशाना
डोंगरगढ़ के पूर्व विधायक भुवनेश्वर बघेल ने कहा कि महंगाई आज आम परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। सरकार को आम जनता को राहत देने के लिए आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह सत्याग्रह जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का माध्यम है और जनहित के मुद्दों पर पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
अरुण भारद्वाज बोले-जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा
खैरागढ़ शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि शक्कर की बढ़ती कीमतों का असर सीधे आम आदमी की रसोई पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के साथ खड़े हैं और महंगाई सहित जनहित के प्रत्येक मुद्दे को मजबूती से उठाते रहेंगे। अंबेडकर चौक पर जुटे कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदेश कार्य समिति के सदस्य नीलांबर वर्मा, जिला पंचायत सदस्य शताक्षी सिंह, मिहिर झा, मोती लाल जंघेल, गजेंद्र ठाकरे, शहर अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, संदीप सिरमौर, रामकुमार पटेल, दीपक देवांगन, मनराखन देवांगन, नदीम मेमन, पुरन सारथी, किशन रजक, नरेंद्र सेन, अशोक साहू, नरेश वर्मा, भारत चंद्राकर, रिंकू महोबिया, रविंद्र सिंह गहरवार, हरि दर्शन, यसेस ठाकुर, मनोहर सेन, सुमित जैन, शेखर दास वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जनता की रसोई और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए। कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ अपना संघर्ष आगे भी जारी रखने की बात कही।

