खैरागढ़। वार्ड क्रमांक 17 दाऊचौरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा की वेशभूषा में शामिल हुए, जिससे पूरा माहौल कृष्णमय हो गया। जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट पकवान एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई।

इसके साथ ही दहीहंडी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हे कृष्ण बने बच्चों ने मटकी फोड़कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मासूम अदाओं और कृष्ण रूप ने उपस्थित लोगों को खूब आकर्षित किया।कार्यक्रम में वार्ड की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पिंकी ठाकुर एवं सहायिका ने बच्चों को जन्माष्टमी पर्व के महत्व की जानकारी देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों से परिचित कराया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता मनोहर सेन ने कहा कि बच्चों के बीच इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होने से हमारी संस्कृति और संस्कारों से नई पीढ़ी जुड़ती है। नन्हे बच्चों को श्रीकृष्ण के रूप में देखकर मन प्रसन्न हो गया। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आपसी प्रेम, भाईचारा और हमारी परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पिंकी ठाकुर एवं सहायिका सहित आयोजन में सहयोग करने वाली वार्ड की महिलाओं को जन्माष्टमी के सुंदर आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


