खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन में खैरागढ़ के अनुभवी नेता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह का कद और बढ़ गया है। संगठन ने उनकी कार्यकुशलता और लगातार पार्टी गतिविधियों में सक्रियता को देखते हुए उन्हें एक महत्वपूर्ण और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। विक्रांत सिंह को भाजपा छत्तीसगढ़ सहकारिता प्रकोष्ठ का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद से ही उनके समर्थकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी हर्ष का माहौल है।
प्रदेश अध्यक्ष की सहमति से हुई घोषणा
भाजपा के प्रदेश नेतृत्व द्वारा विभिन्न प्रकोष्ठों के संकुल संयोजक, सहसंयोजक और प्रभारियों की अधिकृत घोषणा की गई है। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से जारी इस सूची में संगठन के कुल 15 अलग-अलग प्रकोष्ठों के प्रभारियों के नामों का ऐलान किया गया है। जारी सूची के अनुसार चुन्नीलाल साहू को प्रकोष्ठ संकुल का संयोजक नियुक्त किया गया है, वहीं लाभचंद बाफना को प्रकोष्ठ संकुल सहसंयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
सक्रियता और अनुभव का मिला फल
संगठन के सूत्रों के अनुसार, विक्रांत सिंह को यह अहम दायित्व उनके लंबे राजनीतिक अनुभव, सांगठनिक क्षमता और जनसेवा के क्षेत्र में उनकी निरंतर सक्रियता को ध्यान में रखते हुए दिया गया है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने हमेशा क्षेत्र के जमीनी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। संगठन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में सहकारिता प्रकोष्ठ और अधिक मजबूत होगा तथा राज्य के किसानों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
पार्टी नेतृत्व का जताया आभार
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद विक्रांत सिंह ने पार्टी के शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व का सहदय आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा - भारतीय जनता पार्टी ने मुझे जब भी जो भी दायित्व या जिम्मेदारी सौंपी है, मैंने हमेशा पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ उसका निर्वहन किया है। इस नए दायित्व के लिए मैं प्रदेश नेतृत्व का धन्यवाद करता हूँ। आगे भी पार्टी की रीति-नीति का विस्तार करने और संगठन के हित में काम करने के लिए पूरी तरह समर्पित रहूँगा।
समर्थकों में जश्न का माहौल
विक्रांत सिंह को सहकारिता प्रकोष्ठ का प्रदेश प्रभारी बनाए जाने की खबर जैसे ही खैरागढ़ - छुईखदान - गंडई जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, उनके समर्थकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और उम्मीद जताई कि विक्रांत सिंह के अनुभव का फायदा राज्य के सहकारिता को मिलेगा।


