खैरागढ़। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर सोमवार को वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई। नगर पालिका अध्यक्ष का पद पहले ही अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किया जा चुका है। अब 20 वार्डों के आरक्षण के बाद संभावित प्रत्याशियों के समीकरण भी बदल गए हैं। आरक्षण प्रक्रिया कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल की मौजूदगी में चार चरणों में लॉटरी के माध्यम से पूरी हुई। इस दौरान अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा, देवेश साहू, एसडीएम अविनाश ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर सहित प्रमुख राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
तीन वार्ड एससी के लिए आरक्षित, वार्ड 20 महिला के खाते में
पहले चरण में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए वार्ड क्रमांक 14 संत रविदास वार्ड सोनेसरार, 15 सुभाष चंद्र बोस वार्ड अमलीडीह खुर्द और 20 सिविल लाइन खम्हरिया आरक्षित किए गए। इनमें से एक वार्ड को एससी महिला के लिए आरक्षित किया जाना था। लॉटरी में वार्ड 20 की पर्ची निकलने से यह वार्ड एससी महिला के लिए आरक्षित हुआ, जबकि वार्ड 14 और 15 एससी मुक्त रहे।
वार्ड 4 अकेला एसटी वार्ड, स्वतः हुआ आरक्षित
दूसरे चरण में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षण हुआ। नगर पालिका क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 4 राजफैमिली ही एसटी आरक्षण के लिए पात्र होने के कारण स्वतः अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हो गया।
ओबीसी के छह वार्ड, दो महिला के लिए आरक्षित
तीसरे चरण में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण की प्रक्रिया हुई। लॉटरी के माध्यम से वार्ड 2 रानी अवंती बाई वार्ड पिपरिया, 3 गंजीपारा, 6 बरेठपारा, 8 तुरकारीपारा, 17 दाऊचौरा और 19 गोकुलनगर ओबीसी के लिए आरक्षित हुए। इनमें से दो वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए। लॉटरी में वार्ड 8 तुरकारीपारा और 17 दाऊचौरा ओबीसी महिला के लिए आरक्षित हुए। वहीं वार्ड 2, 3, 6 और 19 ओबीसी मुक्त रहे।
अनारक्षित वर्ग में चार महिला, छह मुक्त
अंतिम चरण में अनारक्षित वर्ग के लिए बचे 10 वार्डों की लॉटरी हुई। इसमें वार्ड 1 पिपरिया, 10 गुरु घासीदास वार्ड लालपुर, 16 शहीद निकेश यादव वार्ड दाऊचौरा और 18 डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किए गए। वहीं वार्ड 5 ठाकुरपारा, 7 महावीर स्वामी वार्ड गोलबाजार, 9 इतवारी बाजार, 11 शीतला मंदिर वार्ड किल्लापारा/धरमपुरा, 12 अमलीपारा और 13 दीनदयाल उपाध्याय वार्ड धनेली अनारक्षित मुक्त रहे।
आरक्षण बदलने से कई दावेदारों के समीकरण बिगड़े
वार्ड आरक्षण बदलने के साथ ही कई संभावित दावेदारों की दावेदारी पर विराम लग गया है। पिछली बार आरक्षित वार्डों के कारण जिन नेताओं को वार्ड बदलना पड़ा था, इस बार भी आरक्षण ने कई नेताओं के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। वार्ड 16 के महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने से पार्षद विनय देवांगन की दावेदारी प्रभावित हुई है। वहीं वार्ड 17 के ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होने से मनराखन देवांगन के समीकरण भी बदल गए हैं।
इसी तरह पालिका उपाध्यक्ष रज्जाक खान का वार्ड 18 भी इस बार अनारक्षित महिला वर्ग के खाते में चला गया है। दो बार लगातार पार्षद रहे दिलीप लहरे का वार्ड 20 अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित होने से उनके लिए भी समीकरण बदल गए हैं।
सात वार्डों में महिलाओं का दबदबा
20 वार्डों के आरक्षण में कुल सात वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हुए हैं। इनमें वार्ड 20 एससी महिला, वार्ड 8 और 17 ओबीसी महिला तथा वार्ड 1, 10, 16 और 18 अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित हैं। इसके साथ ही अध्यक्ष पद भी अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित है। ऐसे में आगामी नगर पालिका चुनाव में महिला दावेदारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है। आरक्षण की तस्वीर साफ होने के बाद अब दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों में संभावित प्रत्याशियों की तलाश और चुनावी रणनीति बनाने का दौर तेज होने की संभावना है। किस वार्ड से किस चेहरे को मैदान में उतारा जाएगा, इस पर राजनीतिक दलों की अगली नजर रहेगी।


