आम सूचना जारी होते ही दावेदारों में बढ़ी बेचैनी, भाजपा-कांग्रेस ने तेज की चुनावी तैयारियां

खैरागढ़। नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के आगामी निर्वाचन 2026-27 को लेकर चुनावी हलचल तेज हो गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) कार्यालय द्वारा नगर पालिका के वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया की आधिकारिक तिथि घोषित कर दी गई है। जारी आम सूचना के अनुसार 7 सितंबर 2026, सोमवार को दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, खैरागढ़ में वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही की जाएगी। आरक्षण प्रक्रिया की तारीख सामने आते ही नगर पालिका चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित दावेदारों की धड़कनें बढ़ गई हैं। किस वार्ड की सीट किस वर्ग के लिए आरक्षित होगी, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कई दावेदार अपने-अपने वार्ड के आरक्षण को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं।
आरक्षण तय होते ही बदलेंगे कई समीकरण
वार्ड आरक्षण का सीधा असर चुनावी रणनीति पर पड़ना तय माना जा रहा है। वर्तमान में जिन वार्डों से चुनाव लड़ने की तैयारी में नेता जुटे हैं, आरक्षण की स्थिति बदलने पर उन्हें दूसरे वार्डों का रुख करना पड़ सकता है। वहीं नए चेहरों के लिए भी चुनावी मैदान खुल सकता है।
भाजपा-कांग्रेस ने भी बढ़ाई सक्रियता
नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में तैयारियां तेज होने के संकेत हैं। संभावित प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने में जुटे हैं। आरक्षण की तस्वीर साफ होने के बाद दोनों प्रमुख दलों में प्रत्याशी चयन को लेकर बैठकों और अंदरूनी मंथन का दौर और तेज होने की संभावना है।
राजनीतिक जानकारों की नजर अब 7 सितंबर की आरक्षण प्रक्रिया पर टिकी है, क्योंकि इसी के बाद कई संभावित दावेदारों की दावेदारी मजबूत होगी तो कई नेताओं को अपनी रणनीति बदलनी पड़ सकती है।
आम नागरिक भी रह सकेंगे मौजूद
कलेक्टर कार्यालय की आम सूचना में स्पष्ट किया गया है कि आरक्षण की कार्यवाही के दौरान आम नागरिक उपस्थित रह सकते हैं। इसके अलावा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को स्थानीय समाचार पत्रों, कार्यालय नोटिस बोर्ड और वार्डों के सहज गोचर स्थानों पर सूचना चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं।अब सबकी निगाहें 7 सितंबर पर किस वार्ड का आरक्षण किस वर्ग के खाते में जाएगा और इसके बाद खैरागढ़ की सियासत में कौन सा नया समीकरण बनेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।

