खैरागढ़। दाऊचौरा वार्ड क्रमांक 16 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुई। जन्माष्टमी के अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण का मनमोहक रूप धारण कर उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और मासूम प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान बच्चों एवं परिजनों में खासा उत्साह देखने को मिला।
बच्चों को संस्कार और संस्कृति से जोड़ना जरूरी : विनय देवांगन
वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता विनय देवांगन ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और परंपराओं से नई पीढ़ी को जोड़ने का अवसर भी है। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों द्वारा राधा-कृष्ण का रूप धारण कर पर्व मनाना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के प्रति रुचि और संस्कार विकसित होते हैं। उन्होंने सभी वार्डवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में मनु देवांगन, सुरेखा बाई, खिलेश देवांगन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वनिता देवांगन, सहायिका कुमारी देवांगन सहित आंगनबाड़ी के बच्चे एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।


