
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। गंडई स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम शाला के छात्र वैभव रत्नाकर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के शीर्ष दस विद्यार्थियों में स्थान प्राप्त किया है। वैभव ने पाँच सौ में से चार सौ तिरासी अंक प्राप्त कर 96.60 प्रतिशत के साथ नवां स्थान हासिल किया। उल्लेखनीय है कि पूरे जिले से शीर्ष दस में स्थान बनाने वाले वे एकमात्र विद्यार्थी हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।सामान्य परिवार से आने वाले वैभव के पिता व्यासनारायण रत्नाकर उसी विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि माता शीतला रत्नाकर गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद वैभव ने यह सिद्ध कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और लगन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।वैभव की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा बन गई है।

