खैरागढ़। जीवनसाथी ऐप के जरिए महिला से परिचय बढ़ाकर शादी का झांसा देने और निजी फोटो व जानकारी वायरल करने की धमकी देकर 1.67 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को केसीजी पुलिस ने कोरबा से गिरफ्तार किया है। आरोपी रोहित यादव, उम्र 31 वर्ष, निवासी बिलासपुर को पूछताछ के बाद 10 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा। पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया ने जून 2026 में जीवनसाथी ऐप पर आईडी बनाई थी। इसी दौरान उसकी पहचान रोहित यादव से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिलाकर उसकी निजी जानकारी और फोटो हासिल कर लिए। बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर डराया और 6 जुलाई 2026 को फोन-पे के माध्यम से कुल 1,67,000 रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। प्रार्थिया ने 8 अगस्त को थाना छुईखदान पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी को कोरबा से पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। कार्रवाई में छुईखदान पुलिस और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Loading...

