विद्यार्थियों की सशक्त अदाकारी को मिली खूब सराहना

खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. डॉ.लवली शर्मा के संरक्षण में आयोजित तीन दिवसीय नाट्य महोत्सव का समापन विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों के साथ हुआ। अंतिम दिन ‘पेइंग गेस्ट बेबी एवं पत्र नाटकों का मंचन किया गया जिन्हें दर्शकों से भरपूर सराहना और तालियाँ मिलीं। महेंद्र आर्य लिखित नाटक पेइंग गेस्ट का निर्देशन हर्ष अग्रवाल ने किया। नाटक में मध्यमवर्गीय परिवारों के संघर्ष, आर्थिक परिस्थितियों और पारिवारिक रिश्तों में आने वाले बदलावों को हास्य और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया। घर में एक अजनबी के आने से बदलती परिस्थितियों को रोचक अंदाज में दिखाया गया। विजय तेंदुलकर रचित बेबी का निर्देशन डॉ. प्रमोद पांडे (अतिथि व्याख्याता, थियेटर विभाग ने किया। यह नाटक मानवीय शोषण, हिंसा और शक्ति के दुरुपयोग की कड़वी सच्चाई को सामने लाता है। बेबी नामक महिला के जीवन के माध्यम से समाज की कठोर वास्तविकता को दर्शाया गया, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया। अंतिम प्रस्तुति के रूप में धर्मवीर भारती के नाटक पत्र का मंचन अमित कुमार पटेल के निर्देशन में हुआ। नाटक ने मानवीय संवेदनाओं और रिश्तों की गहराई को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो.डॉ. लवली शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय में पहली बार आयोजित इस नाट्य महोत्सव में प्रथम वर्ष से अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करने की बात कही और सभी निर्देशकों, आयोजकों व विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। तीन दिवसीय नाट्य महोत्सव का संचालन रिशु, दिशा, आयान एवं विभूति ने किया। इस अवसर पर अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. राजन यादव, कुलसचिव वेंकट रमन गुड़े, सहायक प्राध्यापक डॉ.कौस्तुभ रंजन, अतिथि व्याख्याता डॉ. शिशु कुमार, डॉ.प्रमोद पांडे सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

