खैरागढ़। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष का 15 जून को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में आगमन होने जा रहा है। उनके स्वागत को लेकर कांग्रेस संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। शहर कांग्रेस कमेटी ने जिले के वरिष्ठ कांग्रेसजनों, पदाधिकारियों और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम 15 जून (सोमवार) को दोपहर 3 बजे सांस्कृतिक भवन, खैरागढ़ में आयोजित किया जाएगा।
कांग्रेस संगठन ने जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, किसान कांग्रेस, सेवा दल, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, पार्षदों, मंडल, बूथ एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों सहित सभी प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा कि यह जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। कांग्रेस परिवार अपने नेता का आत्मीय एवं भव्य स्वागत करेगा तथा संगठन की एकजुटता का संदेश देगा।

