खैरागढ़। शहर के गैस गोदाम के पास मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि करीब दोपहर 3 बजे युवक वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक उसे चक्कर आया और वह सड़क किनारे गिर पड़ा। लोगों ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
Loading...

