खैरागढ़। शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वाले एक युवक को खैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी ने शराब के नशे में एक किराना दुकान में जमकर उत्पात मचाया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 06 बरेठपारा निवासी श्रीमती आशा पाल (35 वर्ष) ने थाना खैरागढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि क्षेत्र का ही निवासी अमन रजक उर्फ फनिष (19 वर्ष) उनके किराना दुकान में आकर उपद्रव कर रहा है। जांच में सामने आया कि आरोपी नशे की हालत में दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने लगा और आवेदिका के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 सहित अन्य धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को एसडीएम खैरागढ़ के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी।

