खैरागढ़। निर्माणाधीन खैरागढ़–राजनांदगांव मार्ग पर सोमवार शाम एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने दो अलग-अलग दिशाओं से आ रही बाइकों को टक्कर मार दी। यह हादसा ग्राम पेंड्रिकला के पास शाम करीब 6 बजे हुआ, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई है। जानकारी के अनुसार, वरुण टंडन (24) पिता दयालु टंडन अपनी माता गीता टंडन (45) के साथ राजनांदगांव से ग्राम पेंड्री खुर्द लौट रहे थे। वहीं संतोष वर्मा (50) पिता सुग्रीव वर्मा अपनी पत्नी राजबाई वर्मा (45) के साथ खैरागढ़ से अपने ग्राम बोईरडीह जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खैरागढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने पहले संतोष वर्मा की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद वाहन असंतुलित होकर सामने से आ रही वरुण टंडन की बाइक से भी जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों में सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायलों में संतोष वर्मा को हाथ और कमर में चोट आई है जबकि उनकी पत्नी राजबाई वर्मा के सिर और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं वरुण टंडन के दाहिने पैर में और उनकी माता गीता टंडन के दाहिने हाथ में गंभीर चोट बताई गई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार मैजिक वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
Loading...

