नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक तथा आंध्र प्रदेश प्रभारी त्रिलोक चंद्र श्रीवास मंगलवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल हुए। बैठक में पिछड़ा वर्ग सहित अति पिछड़े और कामगार समाजों की राजनीतिक भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में एआईसीसी के वरिष्ठ नेता के. राजू, ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जय हिंद, अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी और वरिष्ठ नेता हनुमंत राव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने देशभर में पिछड़ा वर्ग के लिए कर्पूरी ठाकुर फॉर्मूला लागू करने तथा कामगार जातियों को कांग्रेस के सत्ता-संगठन में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि समाज के उन वर्गों को भी राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में पर्याप्त भागीदारी मिलनी चाहिए, जो लंबे समय से सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े रहे हैं।

श्रीवास की मांग पर के. राजू और डॉ. अनिल जय हिंद सहित वरिष्ठ नेताओं ने सहमति जताई। उन्होंने इन मांगों को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के समक्ष रखने तथा संगठन स्तर पर इस दिशा में आवश्यक पहल किए जाने की बात कही। बैठक में कांग्रेस नेता पंडित जितेंद्र शर्मा जित्तू, चरण सिंह राज और अनिल सिंह कुशवाहा भी उपस्थित रहे।


