सोने के जेवरात बरामद, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
ठेलकाडीह। ग्राम पदुमतरा में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में ठेलकाडीह पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, पदुमतरा निवासी प्रार्थी 20 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे परिवार के साथ दसगात्र कार्यक्रम में रायपुर गया था। अगले दिन 21 अगस्त की शाम करीब 6 बजे वापस घर पहुंचने पर मेन दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी में रखे सोने के एक जोड़ी झुमके, सोने की एक जोड़ी टॉप, मंगलसूत्र और करीब 5 हजार रुपए नकद सहित कुल करीब 1 लाख 65 हजार रुपए का सामान चोरी हो गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर ठेलकाडीह थाने में अपराध क्रमांक 150/2026, धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पदुमतरा निवासी सुखनंदन कुर्रे उम्र 36 वर्ष और शत्रुहन भारती उम्र 36 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने रात के समय घर में चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के जेवरात को गवाहों के समक्ष जप्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 8 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।


