खैरागढ़। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा विधानसभा में पेश बजट को खैरागढ़ शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने दिशाहीन और निराशाजनक बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता और केवल आंकड़ों का मायाजाल है जिससे बड़े पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि बजट में आम आदमी, मध्यम वर्ग, युवाओं और किसानों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं है। महंगाई से जूझ रही जनता को राहत देने के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतों या आवश्यक वस्तुओं पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि धान के समर्थन मूल्य और बोनस को लेकर किए गए वादों को बजट में स्पष्ट रूप से शामिल नहीं किया गया है। कृषि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित हैं और किसानों को वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा है। अरुण भारद्वाज ने खैरागढ़ जिले की उपेक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि नए जिले के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया है। इससे क्षेत्र की जनता को निराशा हुई है। युवाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि रोजगार, बेरोजगारी भत्ता और नई भर्तियों के संबंध में कोई स्पष्ट नीति नहीं दिखाई देती। स्टार्टअप और डिजिटल योजनाओं की बातें केवल कागजी हैं, जमीनी स्तर पर कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है। महिलाओं के लिए संचालित महतारी वंदन योजना पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें राशि बढ़ाने की उम्मीद थी, लेकिन सरकार ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जिससे प्रदेश की आधी आबादी निराश हुई है। उन्होंने अंत में कहा कि विष्णुदेव साय सरकार का विकास केवल विज्ञापनों तक सीमित है। कांग्रेस पार्टी इस बजट के खिलाफ जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों का विरोध करेगी और उसकी कमियों को उजागर करेगी।
Loading...

