खैरागढ़. महिला आरक्षण को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक बहस के बीच अब छत्तीसगढ़ में भी सियासी पारा चढ़ता नजर आ रहा है। भाजपा द्वारा विपक्ष को महिला विरोधी बताए जाने के आरोपों के बीच कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर खैरागढ़ जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक एवं केसीजी जिला प्रभारी छन्नी साहू ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। छन्नी साहू ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे पर देशभर में झूठ और भ्रम फैलाने का काम कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 संसद के दोनों सदनों से पारित होकर कानून बन चुका है और राष्ट्रपति की मंजूरी भी प्राप्त कर चुका है। इसके बावजूद सरकार इसे तत्काल लागू करने के बजाय टाल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा सवाल उठाते हुए कहा कि यदि महिलाओं के प्रति इतनी ही संवेदनशीलता है तो वे स्वयं पद छोड़कर किसी महिला को प्रधानमंत्री क्यों नहीं बनाते। कांग्रेस को महिलाओं को नेतृत्व देने वाली पार्टी बताते हुए उन्होंने इंदिरा गांधी का उदाहरण दिया जिन्हें देश आयरन लेडी के रूप में जानता है। कांग्रेस ने भाजपा की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि हाल ही में पेश किए गए 131वें संविधान संशोधन विधेयक में महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन से जुड़े प्रावधानों को आगे बढ़ाने की कोशिश की गई। इस विधेयक में लोकसभा सीटों को बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव था, जिसे विपक्ष ने एकजुट होकर विफल कर दिया। छन्नी साहू ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिला आरक्षण लागू करना चाहती है तो वर्तमान सीटों में ही 33 प्रतिशत आरक्षण तुरंत लागू किया जा सकता है, इसके लिए परिसीमन का इंतजार जरूरी नहीं है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब 2026-27 की जनगणना प्रस्तावित है, तो पुराने आंकड़ों के आधार पर परिसीमन क्यों किया जा रहा है। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने भाजपा सरकारों को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा की सरकार होने के बावजूद महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। दुर्ग में पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की महिला मोर्चा की कार्यकर्ता तक वहां नहीं पहुंचीं। कांग्रेस ने अपने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को आरक्षण दिलाने की शुरुआत कांग्रेस शासनकाल में ही हुई थी। राजीव गांधी, पीवी नरसिम्हा राव और डॉ.मनमोहन सिंह के प्रयासों से ही आज देशभर में लाखों महिला जनप्रतिनिधि सक्रिय हैं। पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरती रिंकू महोबिया, उपाध्यक्ष खेमेश्वरी वर्मा, हेमलता ठाकुर, हेमकल्याणी तोड़े, लक्ष्मी सिरमौर, महेश्वरी वर्मा, आरती यादव, किरण झा, श्रद्धा अग्रवाल, लता प्रजापति, मीरा चोपड़ा के अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता नीलांबर वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज, संदीप सिरमौर, मनराखन देवांगन, दीपक देवांगन, रवींद्र सिंह गहरवार, रिंकू महोबिया, पूरन सारथी, विनोद सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कुल मिलाकर महिला आरक्षण को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है जिसका असर आने वाले चुनावों में भी देखने को मिल सकता है।
Loading...

