पानी मिलाकर हो रही थी अंग्रेजी शराब की रीफिलिंग, 34 लीटर शराब सहित बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त

खैरागढ़। जिला केसीजी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खैरागढ़ में मिलावटी शराब बनाकर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 34 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, ढक्कन, होलोग्राम, लेबल सहित बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना खैरागढ़ एवं साइबर सेल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजपूत ढाबा के पास एक किराए के मकान में अवैध रूप से शराब की बॉटलिंग और रीफिलिंग कर बिक्री की जा रही है। सूचना पर संयुक्त टीम ने दबिश दी, जहां आरोपी भागवत वर्मा और त्रिलोक यादव को रंगे हाथ शराब में पानी मिलाकर बॉटलिंग करते पकड़ा गया। पूछताछ में अन्य दो आरोपियों शक्ति नारायण सिंह और तिपेश कुमार सोनी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 130 नग गोवा स्पेशल व्हिस्की, 67 खाली शराब बोतल, 203 ढक्कन, 720 लेबल स्टीकर, होलोग्राम सहित अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब में पानी मिलाकर अवैध रूप से रीफिलिंग कर बाजार में बेचते थे। मामले में आबकारी एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। केसीजी पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


