खैरागढ़। प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे सुशासन तिहार को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। विधायक प्रतिनिधि ने इसे जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाने वाला दिखावटी अभियान बताते हुए कहा कि सरकार जमीनी काम के बजाय केवल प्रचार-प्रसार में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में वास्तव में सुशासन होता तो लोगों को सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ता। जिले के कई गांव आज भी बदहाल सड़क, पेयजल संकट और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार केवल आयोजनों और कार्यक्रमों में व्यस्त है। मनराखन देवांगन ने आरोप लगाया कि सुशासन तिहार के नाम पर अधिकारी-कर्मचारियों पर दबाव बनाकर केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। शिकायतों का स्थायी समाधान करने के बजाय उन्हें कागजों में निपटाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि नया जिला बनने के बाद लोगों को विकास की उम्मीद थी लेकिन आज भी कई विभाग संसाधनों और कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्र बदहाल हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और किसान अपनी उपज के उचित दाम के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने जिले में बढ़ते अपराध और अवैध शराब कारोबार को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गांव-गांव शराब की बिक्री बढ़ रही है, लेकिन शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार गंभीर नहीं दिखती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और अब सुशासन तिहार के जरिए अपनी छवि सुधारने की कोशिश कर रही है। लोगों की मांगों और शिकायतों पर केवल कागजी कार्रवाई की जा रही है, जबकि सड़क, पानी, बिजली, राजस्व और आवास जैसी समस्याओं को लेकर लोग आज भी दफ्तरों के चक्कर काटने मजबूर हैं।मनराखन देवांगन ने कहा कि यदि शिकायतों का समयबद्ध निराकरण नहीं हुआ तो ऐसे आयोजन केवल औपचारिकता बनकर रह जाएंगे। जनता अब कागजी नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाला समाधान चाहती है।
Loading...


