खैरागढ़। जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरघोली में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहरी हिस्से में सड़क किनारे दो बंद संदिग्ध बॉक्स पड़े मिले। बॉक्सों को देखकर ग्रामीणों में डर और कौतूहल का माहौल बन गया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों के अनुसार सुबह कुछ लोगों की नजर सड़क किनारे रखे बॉक्सों पर पड़ी। बॉक्स बंद होने और सुनसान जगह पर रखे होने के कारण गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। किसी ने इसे तांत्रिक क्रिया बताया तो कुछ लोगों ने टोना-टोटका होने की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इसकी सूचना छुईखदान थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों बॉक्सों को सावधानीपूर्वक खोला गया। बॉक्स के भीतर चूड़ी, साड़ी, चावल, नारियल और नींबू जैसे सामान मिले। सामान सामने आते ही अंधविश्वास और टोना-टोटका को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं। इस दौरान किसी ग्रामीण ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो पर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बॉक्स वहां किसने और किस उद्देश्य से रखे थे। इस रहस्यमयी घटना ने गिरघोली समेत आसपास के गांवों में भी चर्चा और उत्सुकता का माहौल बना दिया है।
Loading...


