
खैरागढ़। विश्व रेडक्रॉस दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) से 35 छात्र-छात्राएं तथा 7 प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाएं शुक्रवार सुबह रायपुर के लिए रवाना हुए। कुल 42 सदस्यीय दल सुबह 7:30 बजे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर से उत्साहपूर्वक रवाना हुआ।यह दल रायपुर में आयोजित विश्व रेडक्रॉस दिवस कार्यक्रम में भाग लेकर सेवा, मानवता और दान के महत्व का संदेश देगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रेडक्रॉस की गतिविधियों, सामाजिक सेवा एवं आपदा सहायता जैसे विषयों की जानकारी भी दी जाएगी।रवानगी के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रावल ने सभी छात्र-छात्राओं और प्रभारी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस दिवस मानव सेवा, सहयोग और दान की भावना को मजबूत करने का अवसर है तथा विद्यार्थियों की सहभागिता समाज के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।


