खैरागढ़. जामा मस्जिद वक्फ कमेटी खैरागढ़ के सदर (अध्यक्ष) पद पर लगातार दूसरी बार निर्वाचित होने के बाद अरशद हुसैन डब्बू का वार्ड क्रमांक 1 पिपरिया में मुस्लिम समाज के लोगों ने भव्य स्वागत किया। नुरानी मस्जिद के बाहर समाज के लोगों ने आतिशबाजी कर, फूलमालाएं पहनाकर और मिठाई बांटकर उन्हें जीत की बधाई दी। स्वागत कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। मुस्लिम समाज के लोगों ने अरशद हुसैन डब्बू की जीत को समाज की एकजुटता और विश्वास की जीत बताया। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उनका स्वागत करते हुए आने वाले कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान नवनिर्वाचित सदर अरशद हुसैन डब्बू ने कहा कि वे पिपरिया सहित पूरे खैरागढ़ मुस्लिम समाज के विकास और हित में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि वे मुस्लिम भाइयों-बहनों तक शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास करेंगे। अरशद हुसैन ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता खैरागढ़ में जमातखाना का निर्माण कराना तथा पिपरिया स्थित कब्रिस्तान को व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाना रहेगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर कार्य करने की बात भी कही। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के सदस्य शेख आसिफ ने कहा कि अरशद हुसैन के दोबारा सदर बनने से समाज के लोगों में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि समाज को उम्मीद है कि अरशद हुसैन सभी लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे और समाजहित में बेहतर कार्य करेंगे। गौरतलब है कि शनिवार को हुए जामा मस्जिद वक्फ कमेटी खैरागढ़ के सदर चुनाव में अरशद हुसैन डब्बू ने अपने प्रतिद्वंद्वी अय्यूब सोलंकी को 84 मतों से पराजित कर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की थी। चुनाव में उन्हें 239 मत प्राप्त हुए थे, जबकि अय्यूब सोलंकी को 155 मत मिले थे। निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद से ही समर्थकों और समाज के लोगों में खुशी का माहौल बना हुआ है।
Loading...


