खैरागढ़। जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोंघेडबरी में अक्षय तृतीया पर आयोजित पुतरी-पुतरा विवाह उत्सव के दौरान खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब डीजे जुलूस के बीच एक बेकाबू स्कॉर्पियो वाहन ने ग्रामीणों को रौंद दिया। हादसे में 22 वर्षीय महीप कुमार जंघेल की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन से चार ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।जानकारी के अनुसार 1 मई को गांव में अक्षय तृतीया का पारंपरिक उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा था। शाम करीब 6 बजे स्कॉर्पियो वाहन में बारात निकाली गई थी जिसे पूरे गांव में घुमाया जा रहा था। वाहन ग्राम निवासी लेखराम वर्मा का बताया जा रहा है जिसे उसका ड्राइवर विकास वर्मा चला रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि किसी आवश्यक कार्य से विकास वर्मा वाहन को मौके पर छोड़कर चला गया और बाद में वाहन एक नाबालिग बालक के हवाले कर दिया गया। कुछ देर बाद नाबालिग डीजे की धुन पर नाचने के लिए वाहन से उतर गया। इसी दौरान गांव का युवक महेश्वर साहू चालक सीट पर बैठ गया और स्कॉर्पियो चलाने लगा। बताया जा रहा है कि वाहन चलाने का पर्याप्त अनुभव नहीं होने के बावजूद उसने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन दौड़ा दिया, जिससे कई लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में महीप कुमार जंघेल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना में अन्य तीन से चार ग्रामीण भी घायल हुए हैं। घटना के बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में ठेलकाडीह थाना पहुंचे लेकिन आरोप है कि उस रात पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। अगले दिन दोबारा थाना पहुंचने पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस की कार्यशैली से नाराज ग्रामीण अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मामले में लापरवाही बरती जा रही है और जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


