खैरागढ़। प्रदेश में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार, दुर्ग जिले में भाजपा नेता द्वारा अफीम की खेती किए जाने के मामले और रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा रविवार को खैरागढ़ में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे बस स्टैंड स्थित अंबेडकर चौक में आयोजित किया जाएगा, जहां प्रधानमंत्री के विरोध में पुतला दहन किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में अवैध नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। नशीली दवाइयां, प्रतिबंधित गोलियां और सूखा नशा खुलेआम गली-मोहल्लों में बिक रहा है और नाबालिग बच्चों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 13 महीनों में नारकोटिक्स के 2599 मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें से अधिकांश मामले सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आए हैं, जबकि प्रशासन और खुफिया तंत्र इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 10 से 17 वर्ष तक के लाखों नाबालिग बच्चे सूखे नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं और सैकड़ों मौतें हो चुकी हैं, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या पर ठोस कदम नहीं उठा रही है।कांग्रेस ने दुर्ग जिले के समोदा गांव में एक भाजपा नेता द्वारा करीब 9.50 एकड़ में अफीम की खेती किए जाने के मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि जब सत्ताधारी दल के नेता ही अवैध नशे की खेती में शामिल हों तो प्रदेश में नशे के कारोबार पर रोक कैसे लगेगी। कांग्रेस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग भी की है। इसके अलावा घरेलू एलपीजी सिलेंडर में 60 रुपये और कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। कार्यक्रम में विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, सांसद प्रत्याशी, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, एसटी-एससी कांग्रेस, पार्षद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल साहू, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिरमौर खैरागढ़, रामकुमार पटेल छुईखदान, मन्नू चंदेल गंडई, तेजराम वर्मा तथा शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
Loading...


