खैरागढ़। जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पदाधिकारियों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों, युवाओं की सक्रिय भागीदारी तथा आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुलाकात में केसीजी जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष अयूब सोलंकी, राजनांदगांव जिला भाजयुमो महामंत्री नोमेश वर्मा सहित जिले के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। आत्मीय वातावरण में हुई इस भेंट के दौरान विक्रांत सिंह ने सभी पदाधिकारियों को उनके नवीन दायित्वों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा, भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ है और युवाओं की ऊर्जा, समर्पण व विचारधारा से ही संगठन को मजबूती मिलती है। युवा कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं से समाजसेवा व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजयुमो पदाधिकारियों ने विक्रांत सिंह को भगवान श्रीराम का तैलचित्र भेंट किया तथा जिले में संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया। मुलाकात के दौरान समाजसेवी तरुण सिंह, आलोक श्रीवास, मंजीत सिंह, हर्ष वर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने और संगठनात्मक मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
Loading...

