खैरागढ़। जिले के जालबांधा स्थित शासकीय पशु चिकित्सालय में अव्यवस्था और लापरवाही का आलम चरम पर है। डॉक्टर की लगातार गैरहाजिरी के चलते अस्पताल में इलाज लगभग ठप हो चुका है, जिससे पशुपालकों में भारी आक्रोश है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि आसपास के गांवों में मवेशियों की मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मंगलवार को सुबह 7 से 11 बजे तक मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया, लेकिन निर्धारित समय में डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचीं। फोन पर उन्होंने खैरागढ़ में बैठक में होने की बात कही, जबकि संबंधित अधिकारी ने ऐसी किसी बैठक से इनकार किया। अस्पताल के अधीन आने वाले कई उपकेंद्र भी स्टाफ की कमी के कारण बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा। पेटी गांव में बीते एक सप्ताह के भीतर 15 से 20 मवेशियों की मौत ने हालात की गंभीरता को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस पूरे मामले में प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
Loading...


