
खैरागढ़। शहर में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में सेवाभावी साथियों द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। कृषि उपज मंडी अमलीपारा परिसर के पास बर्थ डे पार्क अभियान की शुरुआत समाजसेविका वंदना टांडेकर के जन्मदिवस के अवसर पर की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे अभियान को उत्साहपूर्ण समर्थन मिला। अभियान के प्रमुख सेवाभावी साथी गोविंद सोनी ने बताया कि आगामी दिनों में पार्क को विकसित करने के लिए वृहद श्रमदान अभियान चलाया जाएगा। नागरिकों से मिट्टी दान और जनसहयोग की अपील की जाएगी ताकि सामूहिक प्रयासों से एक सुंदर, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल पार्क तैयार किया जा सके। साथ ही शहरवासियों से अपने जन्मदिन और विशेष अवसरों पर पार्क परिसर में पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश देने का आह्वान भी किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान सेवाभावी साथियों ने आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, पार्षद रूपेंद्र रजक, भाजपा नेता नंद चंद्राकर, उत्तम बागड़े, समसुल होदा खान, उमेंद्र पटेल, सूरज देवांगन, मंगल सारथी, विनोद रजक, रुपेश देवांगन, गोविंद सोनी, नितेश जैन, संजय वालेचा, राजू यादव, किशोर शर्मा, ऋषिदीप सिंह, दिनेश टांडेकर, नीलम राजपूत, दिलीप रजक, तुलाराम पटेल, जहीन खान सहित बड़ी संख्या में सेवाभावी साथी और नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने बर्थ डे पार्क को जनसहयोग से विकसित करने और शहर में हरियाली बढ़ाने का संकल्प लेते हुए इस पहल को आगे बढ़ाने का भरोसा जताया। यह अभियान आने वाले समय में शहर में पर्यावरण जागरूकता और सामूहिक भागीदारी की नई मिसाल बनकर उभरने की उम्मीद है।

