खैरागढ़। दावानल यानी वन अग्नि केवल जंगल की सतही पत्तियों को ही नहीं जलाती, बल्कि बीज, छोटे पौधे, झाड़ियां, घास, सूखी लकड़ियां और पौधों के लिए आवश्यक पोषक तत्वों को भी नष्ट कर देती है, जिससे वनों का प्राकृतिक पुनरुत्पादन बाधित होता है। वैज्ञानिक दृष्टि से पत्तियों और जैविक अवशेषों के सड़ने-गलने से बनने वाले फंगस व बैक्टीरिया भी आग से नष्ट हो जाते हैं जिससे जमीन की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है और जल स्तर में गिरावट आने का खतरा बढ़ जाता है। वनमंडल अधिकारी खैरागढ़ द्वारा वन अग्नि के दूरगामी दुष्प्रभावों को ध्यान में रखते हुए रोकथाम एवं प्रबंधन के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा फायर लाइन कटाई-सफाई, फायर वाचर्स की नियुक्ति तथा आग की सूचना मिलते ही त्वरित नियंत्रण जैसे नियमित कार्यों के साथ इस वर्ष नवाचार भी किए जा रहे हैं। वनमंडल कार्यालय खैरागढ़ में फॉरेस्ट फायर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जहां आम नागरिकों से आग की सूचना मोबाइल नंबर 9301321797 पर देने की अपील की गई है। इसके अलावा महुआ वृक्ष ब्लेजिंग, कंट्रोल बर्निंग, गांवों में मुनादी, दीवार लेखन, पोस्टर चस्पा, स्कूली छात्र-छात्राओं की वाद-विवाद, निबंध, चित्रकला व रंगोली प्रतियोगिता तथा सरपंचों व संयुक्त वन प्रबंधन समिति अध्यक्षों को पोस्टकार्ड के माध्यम से अपील जैसे कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। जनजागरूकता के तहत 03 फरवरी 2026 से वनमंडल के खैरागढ़, छुईखदान, गंडई और साल्हेवारा परिक्षेत्र के 36 गांवों में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुप्रसिद्ध कलाकारों की टीम झंकार कला मंच पैलीमेटा द्वारा अग्नि सुरक्षा विषय पर सजीव झांकी और प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। 07 फरवरी 2026 को छुईखदान परिक्षेत्र के ग्राम कानीमेरा, हाटबंजा और बुढ़ानभाठ में आयोजित कार्यक्रमों में प्रत्येक गांव में लगभग 200-250 ग्रामीणों की सहभागिता रही। टीम संचालक प्रकाश वैष्णव ने बताया कि कार्यक्रमों में वन अग्नि से होने वाले नुकसान और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। वहीं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को वन अग्नि के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए प्रभावी नियंत्रण के लिए सहयोग की अपील कर रहे हैं। संयुक्त वन प्रबंधन समितियों की बैठकों में भी अग्नि सुरक्षा पर विशेष चर्चा की जा रही है।
Loading...

