खैरागढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर में सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना का प्रेरक उदाहरण देखने को मिला। वार्ड नंबर 4 क्षेत्र में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए स्वच्छता और जनजागरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका सभापति एवं वार्ड पार्षद सुमित टांडिया, वार्ड पार्षद सभापति रूपेंद्र रजक, सोनी और रुद्र प्रताप टांडिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इसके अलावा निर्मल त्रिवेणी के समस्त साथियों ने भी श्रमदान कर कार्यक्रम को सफल बनाया। श्रमदान के दौरान क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि धार्मिक पर्व केवल आस्था का नहीं बल्कि समाजसेवा और जनहित के कार्यों का भी अवसर होते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागी साथियों ने नियमित रूप से ऐसे जनहितकारी कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया, जिससे शहर में स्वच्छता और सामाजिक एकता को और मजबूती मिल सके।

