छुईखदान. पारिवारिक रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला करने वाले दो आरोपियों को छुईखदान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू, लोहे की टंगली और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 1 फरवरी 2026 की है। ग्राम अछोली निवासी चंद्रकुमार जंघेल एवं ग्राम पेंड्रावन निवासी यशवंत वर्मा, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LR 9718 से ग्राम कोटरा पहुंचे। दोनों आरोपी पुरानी रंजिश को लेकर ग्राम कोटरा निवासी धुरूराम जंघेल के घर आए और जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे चाकू से सिर के पीछे बाईं आंख के ऊपर, गले एवं बाएं हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार होने लगे जिन्हें पकड़कर थाना छुईखदान लाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व धुरूराम जंघेल द्वारा उनके दादा कन्हैया के साथ मारपीट की गई थी उसी का बदला लेने के लिए उन्होंने यह हमला किया। पीड़ित की पत्नी सकुन बाई जंघेल उम्र 55 वर्ष की रिपोर्ट पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 33/2026, धारा 109, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस द्वारा आरोपी चंद्रकुमार जंघेल 20 वर्ष निवासी अछोली थाना धमधा जिला दुर्ग एवं यशवंत वर्मा 23 वर्ष निवासी पेंड्रावन थाना धमधा जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार दोनों आरोपियों को उप जेल सलोनी भेज दिया गया है।
Loading...

