छुईखदान। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छुईखदान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बिक्री में संलिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं उनके सहयोगी एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 98 पैकेट गांजा, नगदी राशि एवं एक स्कूटी सहित कुल 36 हजार 350 रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ युवक स्कूटी में गांजा रखकर जमुना चौक क्षेत्र में घूम-घूमकर लोगों को बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना छुईखदान पुलिस ने जमुना चौक स्थित राजू वैष्णव कॉम्प्लेक्स के सामने घेराबंदी कर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो पॉलीथीन में रखे कुल 98 पैकेट गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे का कुल वजन 270 ग्राम तथा अनुमानित कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 350 रुपये नगद और उपयोग में लाई जा रही स्कूटी क्रमांक CG 08 BD 9278, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये है, को भी जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रखर कुमार चंद्राकर उर्फ बाबू उम्र 19 वर्ष निवासी कंडरापारा छुईखदान तथा वेदांत वैष्णव उर्फ सिनु उम्र 19 वर्ष निवासी राजमहल चौक छुईखदान के रूप में हुई है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 210/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल सलोनी भेज दिया गया जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Loading...

