खैरागढ़. छुईखदान थाना क्षेत्र के केसीजी जिले अंतर्गत ग्राम कोटरा में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुराने विवाद के चलते दो युवकों ने एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने बुजुर्ग के घर में घुसकर चाकू और टंगिया से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्परता दिखाते हुए दोनों हमलावरों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आरोपियों को बिजली के खंभे से बांधकर रोका और तुरंत पुलिस को सूचना दी। घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूत्रों के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान चंद्र कुमार जंघेल (20 वर्ष) निवासी अछोली थाना धमधा एवं यशवंत वर्मा (23 वर्ष) निवासी खेरझिटी थाना धमधा जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में कुछ देर तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति सामान्य हो गई।
Loading...

